उत्तर भारत के कई हिस्सों में हुआ ऐसा, अब इन राज्यों में हो…

विभाग के प्रादेशिक मौसम विज्ञान केन्द्र द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार उत्तराखंड में गुरुवार को घने कोहरे के साथ शीत दिवस रहा, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पूर्वी एवं पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में शीत लहर की स्थिति है। यह स्थिति शुक्रवार को भी जारी रहने की चेतावनी जारी की गयी है।

दिल्ली, यूपी, बिहार समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में इस सप्ताह हुई बारिश के बाद ठंड काफी बढ़ गई है। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली सहित उत्तर भारत के अन्य मैदानी इलाकों में गुरुवार को तापमान में गिरावट के साथ ही सर्दी के एक बार फिर जोर पकडऩे के मद्देनजर मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश तथा राजस्थान के पश्चिमी और पूर्वी इलाकों में कुछ स्थानों पर शीतलहर की चेतावनी जारी की है। फिलहाल, आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान सुबह आठ बजे 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली एनसीआर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 15 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किये जाने के बाद शुक्रवार को अधिकतम तापमान 15 डिग्री रहने लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

इस बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में गुरुवार को कुछ स्थानों पर भीषण शीत लहर चली और शुक्रवार को भी यही स्थिति बरकरार रहने की चेतावनी दी गयी है। इन इलाकों में पिछले 24 घंटों में बारिश और उत्तर पश्चिम से आने वाली सर्द हवाओं के कारण गुरुवार को तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी है।