उत्तर प्रदेश में नेता खेल रहें उछल कूद का खेल, भाजपा में शामिल हुए ये तीन

उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता रहे रामसकल गुर्जर, पूर्व विधायक डॉ राजेन्द्र सिंह और राष्ट्रीय लोकसमता पार्टी के नेता शिव राज सिंह ने आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

पीयूष गोयल ने कराया शामिल

भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, पार्टी महासचिव भूपेन्द्र जैन और डॉ अनिल जैन ने तीनों नेताओं को प्राथमिक सदस्यता की पर्ची देकर विधिवत भाजपा में शामिल कराया।

रामसकल गुर्जर बोले

इस मौके पर रामसकल गुर्जर ने कहा कि आज देश को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की जरूरत है और लोकसभा चुनाव में वह पार्टी को विजय दिलाने के लिए पूरी ईमानदारी और मेहनत से काम करेंगे।

राजेन्द्र सिंह बोले

डॉ राजेन्द्र सिंह ने कहा कि भाजपा ही देश को सही दिशा और नेतृत्व दे सकती है। उन्होंने भाजपा की नीति और रीति में निष्ठा जताते हुए कहा कि अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में वह पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे।

मुलायम और साधना के करीबी थे रामसकल

रामसकल गुर्जर सपा के कद्दावर नेताओं में शुमार रहे हैं। मुलायम सिंह यादव और उनकी पत्नी साधना यादव के काफी करीबी रहे हैं। रामसकल गुर्जर वर्तमान में एमएलसी हैं और सपा सरकार में खेल राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) थे। इससे पहले मुलायम सरकार के दौरान रामसकल सपा के आगरा जिला अध्यक्ष भी रहे। रामसकल गुर्जर फतेहाबाद के रहने वाले हैं अब आगरा की विभव नगर कॉलोनी में रहते हैं।

रामसकल के साथ फतेहाबाद के पूर्व विधायक सपा नेता डॉ राजेंद्र सिंह ने भी अपने क्षेत्र जमकर काम किया और सजातीय वोट पर उनकी पकड़ मानी जाती है। अब इन दोनों नेताओं के भाजपा में शामिल होने से सपा को तगड़ा झटका लगा है।