उत्तराखंड के मानव संसाधन विकास मंत्री ने केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्यों के साथ की बैठक

मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्यों के साथ बैठक में नई शिक्षा नीति को लेकर चर्चा की। बैठक में केवी रायवाला, ऋषिकेश, मसूरी, हरिद्वार, वीरपुर, अपर कैंट, एफआरआई सहित देहरादून संभाग के कुल 17 केंद्रीय विद्यालयों के प्राचार्य शामिल हुए।

सोमवार को रायवाला स्थित आर्मी कैंट में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मानव संसाधन मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही सरकार नई शिक्षा नीति लागू करने जा रही है। प्राचार्यों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों की बेहतरी व विकास के लिए आगे क्या होना चाहिए, इस पर सोचने की जरूरत है। कहा कि जो बच्चा शिक्षा ग्रहण करके जा रहा है, वो देश व दुनिया में किस मुकाम पर है। विद्यालय प्रशासन को इन बच्चों से जुड़े रहना चाहिए और उन्हें स्कूलों में बुलाकर संवाद व सम्मानित करना चाहिए।

सैन्य क्षेत्र के केंद्रीय विद्यालयों को उन्होंने बच्चों के शारीरिक विकास पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। प्रत्येक केंद्रीय विद्यालय में बच्चों को जल संरक्षण, पौधरोपण व संस्कारों के प्रति जागरूक करना होगा। कहा कि विगत 33 वर्षों से हम पुरानी शिक्षा पद्धति को ढो रहे हैं। बच्चे तेजी से मोबाइल व टीवी की गिरफ्त में जा रहे हैं। इसके लिए बच्चों को जागरूक करना होगा।

उन्होंने सभी प्राचार्यों से बिल्डिंग व अन्य समस्याओं से भी अवगत कराने को कहा। मौके पर केवी संगठन की सहायक आयुक्त अलका गुप्ता, सुकृति रैवानी, प्रभारी आयुक्त विनोद कुमार, ब्रिगेडियर आकाश बजाज, कर्नल बीएस बघेल, प्राचार्य रचना देव, मेयर अनिता ममगाईं, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कुसुम कंडवाल, जिलाध्यक्ष शमशेर पुंडीर, सुदेश कंडवाल, किशन नेगी, प्रदीप धस्माना, राजेश जुगलान, गणेश रावत, विकास डंगवाल, कवीन्द्र जोशी, रामबहादुर क्षेत्री, सतपाल सैनी, शिवानी भट्ट, विमला नैथानी, गजेंद्र विक्रम शाही आदि उपस्थित रहे।