इन दिनों एक किताब लिख रही प्रियंका गांधी वाड्रा, प्रियंका को इसके लिए मिला एक करोड़ रुपए एडवांस

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा इन दिनों एक किताब लिख रही हैं। टाइम्स नाऊ की रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। उसके मुताबिक, इस किताब का नाम अगेंस्ट आउट्रेज होगा। सूत्रों के हवाले से कहा गया कि प्रियंका को इसके लिए प्रकाशक ने एक करोड़ रुपए की रकम बतौर एडवांस दे दी है।

किताब का विमोचन 2019 में लोकसभा चुनाव से कुछ रोज पहले किया जाएगा, जबकि प्रियंका को मार्च 2019 तक इसकी पाण्डुलिपि जमा करनी है। सबसे खास बात है कि प्रियंका की यह किताब अंग्रेजी और हिंदी के अलावा भारत की सभी क्षेत्रीय भाषाओं में प्रकाशित की जाएगी।

रिपोर्ट में आगे बताया गया कि ‘अगेंस्ट आउट्रेज’ को ऑडियोबुक के रूप में भी पेश किया जाएगा। इसकी पाण्डुलिपि में 75,000 शब्द हो चुके हैं, जबकि मामले से जुड़े जानकारों ने बताया कि लगभग 300 पन्नों वाली इस किताब में प्रियंका साफ करेंगी कि आखिर वह राजनीति को लेकर क्या राय रखती हैं। वह इसके जरिए अपने राजनीतिक दृष्टिकोण को जगजाहिर करेंगी। हालांकि, किताब के बारे में प्रियंका की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

बता दें कि अगले साल अप्रैल और मई में लोकसभा के चुनाव होने हैं। ऐसे में राजनीतिक जानकार और विशेषज्ञ मान रहे हैं कि इस किताब के जरिए कांग्रेस आगामी चुनाव को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बनाम राहुल गांधी की लड़ाई में तब्दील करने की कोशिश कर सकती है।