अखिलेश यादव ने बीजेपी पर बोला हमला , कहा किसानों को डराना…

अखिलेश यादव ने कहा कि, किसानों के साथ भाजपा ने बड़ा धोखा किया है। एमएसपी मिली नहीं। आय दुगनी हुई नहीं। धान की कीमत 1100 रूपये से ज्यादा नहीं मिली।

क्रय केंद्रों में खरीद नहीं हो रही है। किसान को मंहगी खाद, डीजल, कृषि उपकरण खरीदने पड़ रहे हैं। धान की लूट हुई है। गन्ना किसानों को 4 वर्ष में भी बकाया राशि नहीं मिली।

अखिलेश ने रात में रैली के संयोजक सुनील सिंह की गिरफ्तारी को अवैध और निंदनीय बताते हुए कहा कि, भाजपा सत्ता का दुरूपयोग करने से बाज आए। इसको लोकतंत्र पर भरोसा नहीं है।

हिरासत में मौतों और फर्जी एनकाउंचरों पर मानवाधिकार आयोग राज्य सरकार को कई नोटिसें जारी कर चुका है। महिलाओं के साथ दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं से पूरे देश में बदनामी हो रही है। नौजवानों को नौकरी मिली नहीं। 4 लाख करोड़ का निवेश कहां हुआ, पता नहीं। गोरखपुर में एम्स आयुर्विज्ञान संस्थान अभी तक बन नहीं पाया।

अखिलेश संतकबीरनगर में वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए कहा कि, भाजपा किसानों को डराना चाहती है। किसान डरने वाले नहीं हैं। तीन कृषि कानूनों के विरूद्घ किसानों का देश व्यापी आंदोलन जारी है।

उनके साथ अन्याय हो रहा है। भाजपा जो कानून लाई है वह किसान विरोधी है और उससे कुछ पूंजीपतियों को ही लाभ मिलेगा। सरकार अब अंतिम सांसे ले रही है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा किसान विरोधी कानून लाई है। इसका लाभ पूंजीपतियों को मिलेगा।