सिंगर शान आज अपना 46वां जन्मदिन मना रहे हैं। शान ने न केवल हिंदी बल्कि बंगाली, मराठी, उर्दू, तेलुगू और कन्नड़ भाषा में गाने गाए हैं। हालांकि पिछले कुछ सालों से उन्होंने बॉलीवुड में गाने कम कर दिए हैं लेकिन उनका नाम बॉलीवुड के जाने-माने सिंगर में आता है।

शान का असली नाम शांतनु मुखर्जी है। उनके परिवार में कई सदस्य संगीत की दुनिया से जुड़े रहे। रोमांटिक गानों में शान का कोई जवाब नहीं है। शान के दादा जाहर मुखर्जी लिरिसिस्ट थे। उनके पिता मानस मुखर्जी म्यूजिक डायरेक्टर थे। शान जब 13 साल के थे तब उनके पिता का निधन हो गया था। पिता के बाद शान की मां गाना गाकर अपना घर चलाती थीं।
शान ने अपना करियर 17 साल की उम्र में शुरू कर दिया था। वो विज्ञापन फिल्मों में जिंगल्स गाया करते थे। गाने के अलावा शान ने ‘सारेगामापा लिटिल चैप्स’ और ‘स्टार वॉयस ऑफ इंडिया’ जैसे पॉपुलर शो भी होस्ट किए हैं। अपनी गायकी के लिए शान को बेस्ट प्लेबैक सिंगर का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिल चुका है।
शान ने अपनी गर्लफ्रेंड राधिका से साल 2000 में शादी की थी और उनके दो बेटे सोहम और शुभ हैं। दोनों की लव स्टोरी भी कम रोचक नहीं है। दोनों की पहली मुलाकात तब हुई थी जब राधिका 17 और शान 24 के थे। शान हमेशा से बहुत शर्मीले थे। एक दिन दोनों बीच पर गए। यहां शान घुटनों पर बैठे और राधिका से कहा, ‘ये सागर, ये आसमां और ये हवाएं गवाह हैं, क्या तुम मुझसे शादी करोगी।’
राधिका को प्रपोज करने के बाद शान उनके पैरेंट्स से मिलने पहुंचे। रंग-बिरंगी ड्रेस पहने शान को देख राधिका के पैरेंट्स हैरान रह गए थे। आखिरकार घरवालों को शादी के लिए मानना ही पड़ा। राधिका और शान की शादी साल 2000 में हुई थी। उनकी शादी को 18 साल हो चुके हैं। दोनों ही अपनी शादी से बेहद खुश हैं।