पूर्व विदेश राज्य मंत्री की पत्नी सहित तीन लोग मार्ग दुर्घटना में घायल

थाना मऊ दरबाजा क्षेत्र में मंगलवार को देर रात पूर्व विदेश राज्य मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद सहित तीन लोग मार्ग दुर्घटना में घायल हो गए। वे डीएम,एसपी से मिल कर लौट रही थी।

जिले के पूर्व कांग्रेस सांसद व पूर्व विदेश राज्य मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद बीते दिन नगर में आयी थी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भेंट करने के बाद देर शाम जिलाधिकारी मोनिका रानी और एसपी संतोष मिश्रा से भी भेंट की। इसके बाद वह कार से कायमगंज अपने निवास ग्राम पितौरा बापस जा रही थी, उसी दौरान थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के गुरुगाँव मन्दिर के निकट उनकी कार में ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसमें बैठी लुईस खुर्शीद,पूर्व कायमगंज विधान सभा की कांग्रेस प्रत्याशी रही शकुंतला कठेरिया व कार चालक घायल हो गए।

घटना की जानकारी होने पर कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हो गए। लुईस खुर्शीद को आवास विकास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां उनका उपचार हुआ। लुईस खुर्शीद के हाथ में फेक्चर बताया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पितौरा रवाना किया गया। शकुंतला कठेरिया और चालक को मामूली चोट आयी है।

सूचना मिलने पर कांग्रेस के प्रदेश सचिव कौशलेन्द्र सिंह यादव,जिलाध्यक्ष मृत्युंजय शर्मा,पुन्नी शुक्ला,अहमद अंसारी,पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल,प्रमोद जैन,कन्हैया गुप्ता आदि मौके आ गए। प्रभारी निरीक्षक मऊदरवाजा वेदप्रकाश पाण्डेय ने बताया कि दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। उसका पता लगाया जा रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।