
नेल आर्ट एक रचनात्मक और स्टाइलिश तरीका है, जिससे आप अपने नाखूनों को आकर्षक बना सकती हैं। इसे आप सैलून में या घर पर आसानी से कर सकती हैं। आज के समय में तो हर गली-मोहल्ले में नेल सैलून खुले हुए हैं, जो बेहद कम दामों में नेल आर्ट करते हैं। ऐसे में महिलाएं खास मौकों पर नेल आर्ट कराना पसंद करती हैं। इसके अलावा अब तो बहुत सी लड़कियां तो रोजाना में भी नेल आर्ट करके अपने नाखूनों को खूबसूरत बनाकर रखती हैं।
बहुत सी महिलाएं सिर्फ इसलिए नेल सैलून नहीं जाती हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि इसमें पैसे ज्यादा खर्च होते हैं। इसलिए हम आपको यहां घर पर नेल आर्ट बनाने के लिए कुछ टिप्स देंगे। इसके लिए आपको किसी तरह के टूल्स की जरूरत नहीं पड़ेगी। तो चलिए बिना पैसे खर्च किए नेल आर्ट करते हैं और अपने नाखूनों को खूबसूरत बनाते हैं।
नेल आर्ट के लिए पहले नाखूनों को करें सेट
नेल आर्ट करने के लिए सबसे पहले अपने नाखूनों को साफ और सूखा करें। इसके बाद खराब और डैमेज क्यूटिकल्स को हटाएं और नाखूनों को सही आकार में फाइल करें। आखिर में बेस कोट लगाएं ताकि नाखून सुरक्षित रहें। इसके बाद कुछ घरेलू चीजों के इस्तेमाल से नेल आर्ट करें।
टूथपिक की मदद से बनाएं पहली डिजाइन
यदि आपको पोल्का डॉट्स वाली नेल आर्ट पसंद है तो सबसे पहले अपनी पसंदीदा बेस नेल पॉलिश लगाएं और सूखने दें। इसके बाद टूथपिक को दूसरी रंग की नेल पॉलिश में डुबोएं और नाखूनों पर छोटे-छोटे बिंदु बनाएं।
टूथपिक से बनाएं दूसरी डिजाइन
टूथपिक की मदद से दूसरी डिजाइन बनाने के लिए एक कटोरी पानी में दो-तीन नेल पॉलिश के रंग की बूंदें डालें। उसमें टूथपिक से डिजाइन बनाएं। आखिर में नाखून को पानी में डुबोएं। इसके बाद उंगलियों पर लगी अतिरिक्त पॉलिश साफ करें।
स्पंज से बनाएं डिजाइन
स्पंज की मदद से आप काफी अलग डिजाइन क्रिएट कर सकती हैं। इसके लिए दो रंग की नेल पॉलिश को स्पंज पर लगाएं। इसे हल्के से नाखूनों पर थपथपाएं। आखिर में टॉप कोट से फिनिश दें।