मैनपुरी सीट पर सपा और बीजेपी के बीच कड़ी टक्कर, प्रशासनिक दबाव में कार्यकर्ताओं पर हमले…

गुजरात में सेकंड फेज के अलावा देश के एक लोकसभा और पांच राज्यों की 6 विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव जारी है। उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट और पांच राज्यों की 6 विधानसभा सीटों में यूपी में रामपुर सदर और खतौली, ओडिशा में पदमपुर, राजस्थान में सरदारशहर, बिहार में कुढ़नी और छत्तीसगढ़ में भानुप्रतापपुर में उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी है।

  • मैनपुरी उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने इटावा के सैफई स्थित अभिनव विद्यालय में वोट डाला।
  • शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि अब तक प्रशासनिक दबाव में हमारे कार्यकर्ताओं पर हमले किए गए। मैंने उन्हें कल रात सतर्क किया था कि वे पुलिस की पकड़ में न आएं, सुबह 7 बजे बूथों पर पहुंचें और मतदान की सुविधा दें। लोग नेताजी (मुलायम यादव) को प्यार करते थे। वे डिंपल को बड़े अंतर से जिताएंगे।
  • सुबह 9 बजे तक कुढ़नी (बिहार) में 11%, पदमपुर (ओडिशा) में 8.50%, सरदाशहर (राजस्थान) में 5.27%, रामपुर (यूपी) में 3.97%, खतौली में 6.90% और भानुप्रतापपुर (छत्तीसगढ़) में 9.89% मतदान हुआ।
  • ओडिशा के पदमपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। दीप्तिपुर उच्च विद्यालय, पद्मपुर में मतदान केंद्र के बाहर मतदाताओं की भारी भीड़ देखी गई।
  • मैनपुरी संसदीय क्षेत्र के लिए हुए उपचुनाव में सुबह 9 बजे तक 7.08% मतदान दर्ज किया गया।
  • उत्तर प्रदेश के रामपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। दनियापुर के एक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की अच्छी भीड़ देखी गई।
  • बिहार के कुढ़नी विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे हैं।
  • सपा सांसद राम गोपाल यादव ने आज मैनपुरी उपचुनाव के लिए वोट डाला। मतदान के बाद राम गोपाल यादव ने कहा कि डिंपल यादव (उपचुनाव के लिए पार्टी की उम्मीदवार) नेताजी (मुलायम सिंह यादव) को जितने वोट मिलते थे, उससे तीन गुना ज्यादा वोट से जीतेंगे।
  • राम गोपाल यादव ने आरोप लगाया कि मैनपुरी में बूथ संख्या 141, 142, 143, 144, 145, 146 पर एजेंटों को अनुमति नहीं दे रहे थे। हमने रिटर्निंग ऑफिसर से बात की, मैं पता लगाऊंगा कि क्या बाद में अनुमति दी गई थी। इसी तरह, भाजपा के गुंडे नशे की हालत में मैनपुरी के बिजलीघर में आए और हमारे एजेंट को धक्का देकर बाहर कर दिया। पुलिस और प्रशासन कोई मदद नहीं कर रहे हैं।
  • सपा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि रामपुर में वोट डालने भी नहीं देते। आए दिन लोगों की पिटाई शुरू हो गई। एसएसपी वही हैं जिन्हें चुनाव के दौरान मेरी शिकायत पर फिरोजाबाद से हटा दिया गया था। ये एसएसपी पिछली बार भी थे और अब भी हैं। सुनने वाला कोई नहीं, लेकिन जनता सबसे ऊपर है।

मैनपुरी लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच टक्कर है। यहां सपा ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है जबकि भाजपा ने मुलायम के भाई शिवपाल सिंह यादव के पुराने भरोसेमंद रघुराज सिंह शाक्य को मैदान में उतारा है। बता दें कि सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के कारण मैनपुरी संसदीय सीट पर उपचुनाव हो रहा है।

यूपी में रामपुर सदर और खतौली विधानसभा सीटों पर भी आज उपचुनाव को लेकर वोटिंग जारी है। रामपुर सदर सीट से आजम खान के अयोग्य घोषित किए जाने के बाद उपचुनाव कराया जा रहा है। आजम खान समाजवादी पार्टी से विधायक थे. उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द हो गई है। वहीं खतौली से भाजपा विधायक विक्रम सिंह सैनी को भी एक मामले में सजा सुनाई गई है। जिसके बाद उनकी सदस्यता भी रद्द हो गई है

राजस्थान की सरदारशहर सीट पर भी आज उपचुनाव कराया जा रहा है। यहां से कांग्रेस विधायक भंवर लाल शर्मा का लंबी बीमारी के बाद 9 अक्टूबर को निधन हो गया था। कांग्रेस ने शर्मा के बेटे अनिल कुमार को टिकट दिया है। वहीं भाजपा ने पूर्व विधायक अशोक कुमार को मैदान में उतारा है।

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले की भानुप्रतापपुर सीट पर भी उपचुनाव हो रहा है। पिछले महीने यहां से कांग्रेस के विधायक रहे मनोज सिंह मंडावी का निधन हो गया था। वे विधानसभा उपाध्यक्ष भी थे। कांग्रेस ने दिवंगत विधायक की पत्नी सावित्री मंडावी को जबकि भाजपा ने पूर्व विधायक ब्रह्मानंद नेताम को मैदान में उतारा है।

ओडिशा की पदमपुर विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी है। बीजू जनता दल के विधायक बिजय रंजन सिंह बरिहा के निधन के कारण यहां उपचुनाव हो रहा है। बीजद ने इस सीट से दिवंगत विधायक की बेटी बरसा को अपना उम्मीदवार बनाया है।

बिहार के कुढ़नी विधानसभा सीट पर जदयू के उम्मीदवार मनोज सिंह कुशवाहा मैदान में हैं। राजद विधायक अनिल कुमार साहनी को अयोग्य घोषित किए जाने के बाद यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। भाजपा के केदार गुप्ता में सीधी टक्कर मानी जा रही है। पिछले चुनाव में केदार महज 712 वोट से हार गए थे। वहीं, मनोज भी यहां से दो बार विधायक रह चुके हैं।