DelhiNational

दिल्लीवासियों की बढ़ेगी परेशानी, इस बार 42 डिग्री पार कर सकता है तापमान

नई दिल्ली:  दिल्ली में धूल भरी आंधी और बारिश के बाद एक फिर मौसम साफ होने लगा है। आने वाले दिनों में अब राजधानी दिल्ली में हीटवेव (लू) की स्थिति बनने की संभावना है। इससे पहले राजधानी में 7 से 9 अप्रैल 2025 के बीच तीन दिन तक लू चली थी। उस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस साल का अब तक का सबसे अधिक तापमान था।

पिछले तीन दिनों में भी तापमान में लगातार बढ़ोतरी हुई है। राजधानी की मुख्य वेधशाला केंद्र सफदरजंग में कल अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो पिछले दिन की तुलना में 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक था। अप्रैल के इस समय सामान्य तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस होता है। लू की स्थिति तब बनती है जब अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुचता है।

निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर का अनुमान है कि, अगले दो दिनों तक पहाड़ों में कोई भी सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है। इस दौरान साफ आसमान और शुष्क मौसम के कारण गर्मी धीरे-धीरे जमा होती जाएगी और तापमान बढ़ जाएगा। वहीं, एक नया पश्चिमी विक्षोभ 16 अप्रैल को उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में दस्तक देगा। इसके साथ ही एक सहायक चक्रवाती परिसंचरण 17 अप्रैल को उत्तर पंजाब और राजस्थान के ऊपर बनने की संभावना है। यह सिस्टम 16 से 21 अप्रैल तक पर्वतीय इलाकों को प्रभावित करेगा, जिसमें 18 से 20 अप्रैल के बीच सबसे अधिक प्रभाव रहेगा।

एजेंसी का कहना है कि, आमतौर पर यह देखा जाता है कि, सिस्टम के आगमन से पहले मैदानों में गर्म हवाएं चलने लगती हैं। दिल्ली में 16 से 20 अप्रैल के बीच तापमान तेजी से बढ़ेगा और 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहेगा। 16 और 19 अप्रैल को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जो सीमावर्ती लू की स्थिति को दर्शाता है। 17 और 18 अप्रैल को पारा 42 डिग्री सेल्सियस पार कर सकता है, जो मध्यम श्रेणी की लू मानी जाएगी।

Related Articles

Back to top button