दिल्ली में भीषण गर्मी का कहर जारी, 28 अप्रैल को भुलकर भी न निकले घर से बाहर

दिल्ली में भीषण गर्मी का कहर जारी है। जब तक कि बहुत जरूरी ना हो 27 और 28 अप्रैल को घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का अनुमान है कि दिल्ली के मौसम के बेस स्टेशन सफदरजंग में अधिकतम तापमान 43-44 डिग्री सेल्सियस को छू सकता है, जबकि राजधानी के अन्य हिस्सों में यह 45-46 डिग्री के बीच हो सकता है।

28 अप्रैल से इसमें कुछ राहत हो सकती है। आईएमडी ने कहा कि पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ (डब्ल्यूडी) के प्रभाव की उम्मीद है।

सफदरजंग में रविवार को अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक और शनिवार के अधिकतम तापमान के समान ही है। रविवार को दिल्ली का सबसे गर्म स्थान पूर्वी दिल्ली का यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्टेशन रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

न्यूनतम तापमान के लिहाज से दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने कहा कि सोमवार तक इसके 23 डिग्री सेल्सियस और गुरुवार तक 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है।

आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने कहा कि इस क्षेत्र में महीने के अंत तक दो पश्चिमी विक्षोभ देखने की उम्मीद है। पहले सोमवार को दिल्ली के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने की संभावना है, हालांकि, सफदरजंग में अधिकतम तापमान अभी भी 41 डिग्री सेल्सियस और राजधानी के अन्य हिस्सों में लगभग 43 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जो गर्म पश्चिमी हवाओं के कारण है।