International

बलूचिस्तान में छह बस यात्रियों की हत्या, कैमरून में इस्लामिक आतंकियों ने 12 सैनिकों को मारा

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में यात्री बस पर बंदूकधारियों के हमले में छह नागरिकों की मौत हुई है। इसके अलावा आतंक की एक अन्य वारदात मध्य अफ्रीकी देश कैमरून में हुई। यहां इस्लामिक लड़ाकों ने 12 सैनिकों की हत्या कर दी। बलूचिस्तान में यात्री बस पर हमले की खबर के बारे में मिली सूचना के मुताबिक हमला बलूचिस्तान प्रांत के ग्वादर जिले में हुआ। बलूचिस्तान पाकिस्तान का बेहद संवेदनशील और अशांत प्रांत है। यहां गुरुवार को बंदूकधारियों ने एक यात्री बस से पंजाब के पांच लोगों को उतार कर गोली मार दी।

कराची जाने वाली बस पर हमला
बस पर हमले में घायल एक अन्य यात्री ने बाद में दम तोड़ दिया। हथियारबंद लोगों ने कलमत इलाके में रात को कराची जाने वाली बस को निशाना बनाया। इसमें सवार पांच यात्रियों को नीचे उतारकर गोली मार दी गई। इस वारदात के संबंध में ग्वादर के डिप्टी कमिश्नर हमूदुर रहमान ने बताया कि हमले में घायल एक यात्री की मौत इलाज के दौरान हुई। फिलहाल इस हमले की किसी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है।

राष्ट्रपति जरदारी ने जताया दुख; सीएम बोले- यात्रियों की पहचान के आधार पर हत्या कायरतापूर्ण
बलूचिस्तान में बस पर हमले के संबंध में डॉन अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक हथियारबंद लोगों ने यात्रियों के आईडी कार्ड चेक करने के बाद उनकी हत्या की। तीन यात्रियों को बंदूकधारी अपने साथ ले गए। इस वारदात पर दुख प्रकट करते हुए राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने कहा, आतंकवादी देश के विकास और बलूचिस्तान की समृद्धि के दुश्मन हैं। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने यात्रियों की पहचान के आधार पर हत्या को जघन्य और कायरतापूर्ण कृत्य बताया। सीएम ने कहा, कट्टर आतंकवादियों के खिलाफ युद्ध जारी रहेगा।

BLA के हमले के बाद बलूचिस्तान में कई हमले
बता दें कि इस महीने की शुरुआत में प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के लड़ाकों ने 440 यात्रियों वाली ट्रेन को अगवा कर लिया था। इस घटना में 18 सुरक्षाकर्मियों सहित 26 बंधकों की हत्या कर दी गई थी। सेना ने अगले दिन सभी 33 बलूच लड़ाकों को मार गिराने के साथ-साथ 354 बंधकों को छुड़ाने का दावा किया। इस घटना के बाद से बलूचिस्तान में कई हमले हो चुके हैं।

Related Articles

Back to top button