दिल्ली में आज बारिश की उम्मीद,न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री

दिल्ली के लोगों को तपती गर्मी से राहत मिल सकती है। रविवार को भी राष्ट्रीय राजधानी का न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से कम था। भारतीय मौसम विभाग के हवाले से आज दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश का पूर्वानुमान लगाया है।

इससे लोगों को तपती गर्मी से राहत मिलने की पूरी संभावना है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज 30-40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना है। अधिकतम तापमान, जो कि बीते दिनों में 49 डिग्री तक चला गया था, के 41 डिग्री तक नीचे आने की उम्मीद की जा रही है।

आपको बता दें कि शनिवार का शहर का न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री के करीब रहा, वहीं लोगों को 42.4 डिग्री की अधिकतम तापमान वाली गर्मी का सामना करना पड़ा।

उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में आज और कल हल्की बारिश के कारण पारा गिरने की संभावना है। दक्षिणी राज्यों केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में गुरुवार तक मध्यम बारिश जारी रहेगी। बाढ़ प्रभावित पूर्वी राज्यों में रविवार के बाद बारिश की तीव्रता कम होने की संभावना है।

 

 मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की भविष्यवाणी की है और उसके बाद कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा।

आईएमडी ने मंगलवार तक उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत में बारिश की चेतावनी भी दी है।

अगले 2 दिनों तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में काफी व्यापक, गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं की भविष्यवाणी की गई है। इन राज्यों में आज ओलावृष्टि हो सकती है। आईएमडी ने आज इन राज्यों के लिए आंधी-तूफान के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ भी जारी किया है।

 पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी रविवार और सोमवार को छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है।