प्रगति के मां-बाप को नहीं है हत्या की खबर, भाई बोला- वो नहीं बर्दाश्त कर पाएंगे सदमा

औरैया: औरैया जिले में दिलीप की हत्या में उसकी पत्नी प्रगति का हाथ होने की जानकारी पर सियापुर में सन्नाटा छाया रहा। वहीं प्रगति के बीमार माता-पिता को अभी तक दिलीप की हत्या किए जाने के बारे में जानकारी नहीं दी गई। बेटे का कहना है कि माता-पिता बहन की इस घिनौनी हरकत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाएंगे। सियापुर निवासी प्रगति के पिता हरिगोविंद यादव, मां कमला देवी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। इसके चलते परिजन किसी को भी उनसे मिलने नहीं दे रहे हैं।
प्रगति के भाई आलोक ने बताया कि बहन की शादी के बाद 19 मार्च को बहनोई दिलीप के हादसे में घायल हो जाने की जानकारी पर पिता की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई थी। वहीं मां भी दामाद की स्थिति को लेकर रो-रोकर बेचैन थीं। दिलीप घर पर शादी के पहले भी आता जाता रहता था। इससे माता-पिता को उससे बहुत लगाव था। दिलीप की हत्या के पीछे बहन प्रगति की घिनौनी हरकत की जानकारी होने का सदमा वह बर्दाश्त नहीं कर पाएंगे।
प्रगति के मंसूबों की भनक होती, तो दिलीप से कभी शादी नहीं कराते
हाइड्रा मालिक दिलीप हत्याकांड के पीछे उसकी पत्नी प्रगति का हाथ सामने आने से लोग दंग रह गए। घटना के बाद से प्रगति के मायके पक्ष के लोगों की आंखों के आंसू नहीं थम रहे हैं। परिजनों ने कहा कि नालायक बेटी के मंसूबों की भनक लग जाती तो वह कभी उसकी शादी दिलीप से नहीं करवाते। दिलीप के हत्यारों को फांसी की सजा दी जाए।
बिना मर्जी प्रगति की शादी करवाने का आरोप मनगढ़ंत
मैनपुरी के भोगांव के नगला दीपा निवासी दिलीप (24) की हत्या के बाद से उसकी ससुराल सियापुर थाना फफूंद में सन्नाटा पसर गया। वहीं, प्रगति के बीमार पिता हरगोविंद यादव, मां कमला देवी बेहाल हैं। उन्हें मौत के बार में जानकारी नहीं दी गई। वहीं भाई आलोक कुमार, आशुतोष, संतोष, भाभी सावित्री देवी स्वयं को कोसते दिखे। भाई आलोक ने कहा कि दिलीप से बिना मर्जी प्रगति की शादी करवाने का आरोप मनगढ़ंत है।
बोला-परिवार के लिए मर चुकी है प्रगति
उसकी इस घिनौनी हरकत से वह परिवार के लिए मर चुकी है। दिलीप बहन पारुल का देवर था। वह बहुत ही सरल स्वभाव का व्यक्ति था। हमेशा दूसरों की मदद के लिए तत्पर रहता था। दिबियापुर में किराये पर रहकर व्यापार देखने के दौरान उसका घर आना-जाना लगा रहता था। प्रगति भी उससे काफी घुली मिली थी। शादी दोनों की रजामंदी से हुई थी। उसे या परिजन को जरा सी भी भनक लग जाती तो वह उसकी शादी कभी भी दिलीप से नहीं करवाते। उनकी न्याय पालिका से मांग है कि दिलीप हत्याकांड में शामिल उनकी बहन प्रगति सहित सभी हत्यारोपियों को फांसी की सजा दी जाए।