Utter Pradesh

जान बचाकर भागते लोग और गोलीबारी…न टूटा हाैसला, पहलगाम से आए अरविंद ने बताया आंखों देखा हाल

एटा:  एटा शहर निवासी सीए अरविंद अग्रवाल परिवार संग पहलगाम घूमने गए थे। उनका और परिवार का सपना हिंदुस्तान के मिनी स्विटजरलैंड बाइसरन घूमने का था। पहलगाम से बायसरन की दूरी मात्र एक किमी है। आतंकी हमला होने पर पहलगाम से बाइसरन जाते समय रास्ते में उनकी गाड़ी रोक दी गई, इससे उनका यह सपना जरूर अधूरा रहा, लेकिन हमले से डरे नहीं और पहलगाम के आसपास अन्य स्थानों पर घूमने के बाद बृहस्पतिवार को लौटे।

अरविंद अग्रवाल ने फोन पर संवाददाता को बताया कि 22 अप्रैल को घटना के बाद सेना के वाहनों और एंबुलेंस के सायरन की आवाज सुनकर चालक ने टैक्सी रोक ली। बताया कि वहां कुछ गोलीबारी की घटना हो गई है। आतंकी हमले की जानकारी पर ठहर गए।

घटना के बाद चारों तरफ सेना के जवान ही दिख रहे थे। हमले में शिकार हुए लोगों के रोते-बिलखते परिजन थे। गर्मी की छुट्टियों में घूमने गए सभी पर्यटक डरे-सहमे वापस अपने होटल पहुंचकर कमरों में बंद हो गए। सीए ने बताया कि आतंकी हमले की घटना के बाद लोग डर गए थे, लेकिन उनके परिवार का हौसला नहीं टूटा था। इससे पहले 18 अप्रैल को श्रीनगर, 19 को सोनमर्ग, 20 को बुद्धपथरी, 21 को गुलमर्ग घूमे। 22 को पहलगाम पहुंचे।

Related Articles

Back to top button