एक बार फिर जनता के सवालों में उलझी अयोध्या, जजों के फैसलों पर उठे दर्द भरे सवाल

देशभर के साथ पूरे ब्रजमंडल में इस दिन सूरज सवालों से भरी सुबह लेकर आया है। रात की ठंडक, धीरे-धीरे खुली चटक धूप के साथ गायब होती जा रही है। इसी के साथ अयोध्या मामले में बहुप्रतीक्षित महाफैसले को लेकर माहौल भी गर्म होता जा रहा है। एक दिन पहले ही संकेत मिल जाने से सभी स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। तड़के चार बजे से ही मिश्रित आबादी वाले इलाकों में जवानों की पदचाप की आवाज सुनाई देने लगी थी। इंटरनेट सेवा को भी एहतियातन बंद रखे जाने की तैयारी है। आम से खास हुई इस सुबह में हर ब्रजवासी के चेहरे पर एक सवाल दिख रहा हो, क्या होगा फैसला? इसी चिंता के बीच जरूरत के सामान की खरीदारी को लेकर भी बाजारों में सुबह से भीड़ नजर आने लगी है, दोपहर में टेलीविजन पर चिपकने की तैयारी है।


अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर और विवादित ढांचे के बीच चले आ रहे विवाद का शनिवार को पटाक्षेप होना है। सुप्रीम कोर्ट में फैसला आज सुनाया जाएगा। इसी को लेकर ब्रजमंडल में पुलिस प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। आगरा, मथुरा, फीरोजाबाद, मैनपुरी, एटा और कासगंज में मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस और पीएसी के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। तड़के चार बजे से ही मोहल्लों में पुलिस सक्रिय नजर आई। शांति कमेटियों के साथ पहले ही बैठकें की जा चुकी हैं। शुक्रवार को आगरा आए डीजीपी ओपी सिंह ने इंटरनेट सेवाएं बंद रखने के निर्देश दिए थे। इसी के अनुपालन में ब्रज में सुबह छह से शाम छह बजे तक मोबाइल सेवाप्रदाता कंपनियाें को नेट सेवा को बंद करने के आदेश है़। हालाकि साढ़े दस बजे तक इंटरनेट सेवाएं बाधित नहीं हुई थीं। आगरा जिले के सभी कस्बों में भी पुलिस फोर्स मुस्तैद है।

ताजमहल देखने आए विदेशी पर्यटकों का कार्यक्रम महीनों पहले ही निर्धारित हो जाता है। शनिवार सुबह निर्धारित समय पर ताजमहल की बुकिंग विंडो खोल दी गई। इधर विदेशी और देशी सैलानियों को शुक्रवार रात खबर हुई कि अयोध्या मामले में फैसला आने वाला है, इसलिए सुबह ही ताज पर पर्यटक पहुंच गए और मोहब्बत की निशानी का दीदार कर जल्द ही वापस अपने होटल या अपने शहर लौटना चाहते हैं। दूसरी तरफ वृंदावन में बांकेबिहारी मंदिर में भी लोग सुबह जल्दी ही दर्शन के लिए पहुंच गए।
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंडों पर जांच

आगरा कैंट, राजामंडी, फोर्ट रेलवे स्टेशन, मथुरा और फीरोजाबाद के रेलवे स्टेशन तथा बस स्टैंडों पर पुलिस तथा जीआरपी यात्रियों के सामान की जांच कर रही है। खासतौर पर रेलवे स्टेशन पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

सब्जी और किराने की खरीदारी

फैसले को लेकर क्या प्रतिक्रिया होगी? इस चिंता को लेकर आम दिनों की अपेक्षा शनिवार सुबह लोग जल्दी ही सब्जियों और किराने की दुकानों पर खरीदारी को पहुंच गए। सब्जियों के साथ आटा, दाल, चावल, तेल, चीनी की खरीदारी की गई। लोग यह मान रहे हैं कि कुछ दिन का स्टॉक घर में रहना चाहिए।

आज होनी हैं बड़े पैमाने पर शादियां

साहलग का सीजन है। शनिवार को ब्रजमंडल पर बड़े पैमाने पर शादियां होनी हैं। लगभग सभी मैरिज होम्स बुक हैं। जिन घरों में शादियां हैं, उनमें खास तौर पर अयोध्या मामले में फैसले और शहर के हाल को लेकर जिज्ञासा है। इधर इंटरनेट सेवा बंद होने से भी लोग परेशान हैं। बाहर से आने वाले रिश्तेदारों से लगातार फोन पर संपर्क साधा जा रहा है। दूसरी तरफ देवोत्थान एकादशी पर हुर्इं शादियों में शनिवार सुबह जल्दी ही दुल्हन की विदा करा ली गई, ताकि फैसला आने से पहले ही बरात वापस लौट सके।

दोपहिया वाहनों की भी जांच

मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस ने शनिवार सुबह से अभियान छेड़ रखा है। दोपहिया वाहन चालकों की भी तलाशी जा रही है। एक्टिवा की डिग्गी और मोटरसाइकिलों के बैग चेक किए जा रहे हैं। इन क्षेत्रों में नागरिकों को भी सलाह दी जा रही है कि अपने घरों में ही रहें। बहुत ही जरूरी काम होने की स्थिति में घर से निकलें।