Business

दुनिया के 10 सबसे अमीर लोगों में भारत से कोई नहीं, जानें अंबानी-अदाणी का हाल

पिछले साल की तुलना में कर्ज बढ़ने के कारण मुकेश अंबानी की संपत्ति में 1 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है। इसके कारण वे दुनिया के शीर्ष 10 सबसे अमीर लोगों की सूची से बाहर हो गए हैं। हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2025 में यह जानकारी दी गई है। इस लिस्ट के अनुसार टेस्ला के सीईओ एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर शख्स बने हुए हैं। उनकी कुल संपत्ति में 82% या 189 बिलियन डॉलर की आश्चर्यजनक वृद्धि हुई है और यह 420 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई। सूची में दूसरे नंबर पर अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस और तीसरे नंबर पर मेटा फाउंडर मार्क जुकरबर्ग का नाम है। मुकेश अंबानी इस लिस्ट में 91.8 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ पूरी दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 18वें नंबर पर हैं। गौतम अदाणी 53.5 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ लिस्ट में 27वें नंबर पर हैं।

महिलाओं में रोशनी नादर दुनिया की पांचवीं सबसे अमीर महिला
दूसरी ओर, एचसीएल की रोशनी नादर जिनके परिवार की कुल संपत्ति 3.5 लाख करोड़ रुपये है, दुनिया की पांचवीं सबसे अमीर महिला बन गईं हैं। दुनिया की शीर्ष 10 अमीर महिलाओं में जगह बनाने वाली वह पहली भारतीय महिला हैं। उनके पिता शिव नादर ने हाल ही में एचसीएल में 47% हिस्सेदारी उन्हें हस्तांतरित कर दी थी।

अंबानी अब भी एशिया के सबसे अमीर
लिस्ट के अनुसार अंबानी भले ही दुनिया के 10 सबसे अमीर लोगों की लिस्ट का हिस्सा बनने से चूक गए पर वे अब भी एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति है। लिस्ट के अनुसार रिलायंस समूह के चेयरमैन की संपत्ति में कमी आई है क्योंकि रिलायंस इंडस्ट्रीज को अपने ऊर्जा और खुदरा कारोबार में खराब प्रदर्शन से जूझना पड़ा है। धीमी बिक्री वृद्धि और ऋण को लेकर निवेशकों की चिंताओं ने समूह की समस्याओं को और बढ़ा दिया है। कंपनी ने डिजिटल प्लेटफॉर्म, नवीकरणीय ऊर्जा और खुदरा कारोबार के विस्तार की ओर कदम बढ़ाए हैं, जिसमें धीमी प्रगति का उनकी संपत्ति पर असर पड़ रहा है।

Related Articles

Back to top button