मंत्री और नेता लोगों को गोली मारने के लिए उकसाएंगे तो ऐसी घटनाएं होना मुमकिन है: प्रियंका

CAA को लेकर विरोध और समर्थन को लेकर अब देश में घमासान छिड़ा है। कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी वाड्रा ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया के समीप गोलीबारी की घटना को लेकर BJP पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को हमला बोला। प्रियंका ने कहा कि जब मंत्री और नेता लोगों को गोली मारने के लिए उकसाएंगे तो ऐसी घटनाएं होना मुमकिन है।

प्रियंका ने ट्वीट किया, जब BJP सरकार के मंत्री और नेता लोगों को गोली मारने के लिए उकसाएंगे, भड़काऊ भाषण देंगे तब ये सब होना मुमकिन है। कांग्रेस महासचिव ने पीएम नरेन्द्र मोदी पर सवाल उठाते हुए कहा, पीएम को जवाब देना चाहिए कि वह कैसी दिल्ली बनाना चाहते हैं? वह हिंसा के साथ खड़े हैं या अहिंसा के साथ? वह विकास के साथ खड़े हैं या अराजकता के साथ?

आपको बता दें कि गुरुवार को एक शख्स ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया के समीप CAA विरोधी प्रदर्शनकारियों के एक समूह पर पिस्तौल से गोलियां चलाईं जिसमें एक छात्र घायल हो गया। इससे पहले वह इलाके में भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच पिस्तौल लहराते हुए आया और चिल्लाकर कहा यह लो आजादी। बाद में पुलिस ने उसे पकड़ कर हिरासत में ले लिया गया था।