भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने झारखंड में चुनावी सभा में कहा कि कांग्रेस और झामुमो यहां साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। लेकिन हेमंत ने कभी कांग्रेस से यह नहीं पूछा कि उन्होंने झारखंड की स्थापना के लिए क्या किया।
60 साल के शासन में आखिर कांग्रेस ने झारखंड को क्या दिया। शाह ने कहा कि अब हमारी सीमा में आलिया-मालिया-जमालिया नहीं घुसता है। अब मौनी बाबा का जमाना नहीं, यह मोदी जी की सरकार है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि अनुच्छेद 370 को खत्म कर हमने अपनी मंशा जाहिर कर दी है। कांग्रेस की तमाम अड़चनों के बाद भी सु्प्रीम कोर्ट के आदेश से अयोध्या में अब भव्य राम मंदिर बनने का रास्ता साफ हो गया है।
शाह यहां आज भाजपा के सत्ता वापसी मिशन को धार देने पहुंचे। उन्होंने चतरा और गढ़वा में चुनावी सभा को संबोधित किया। झारखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में वोटरों को साधने के क्रम में अमित शाह दूसरी बार गुरुवार को चुनावी दौरे पर झारखंड पहुंचे।