उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने ली करवट, मैदानी जिलों में हो रही बूंदाबांदी

उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। प्रदेश के मैदानी जिलों में बूंदाबांदी हो रही है तो ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी के बाद प्रदेशभर में ठंड बढ़ गई है। गंगोत्री, केदारनाथ, चकराता, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा आदि में बर्फबारी के बाद ठंड में इजाफा दर्ज किया गया है।

वहीं मौसम विभाग ने 26 से 27 फरवरी को बारिश-बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया है। नगर में बूंदाबांदी शुरू हो गई जिसके चलते नगर में एकाएक ठंड में बढ़ोतरी हो गई है। आसमान में काले बादल छाने से नगर में ठंड बढ़ने लगी है। साथ ही सर्द हवाएं चलने से लोगों और पर्यटकों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर में सुबह से ही बादल छाए रहे और साथ ही ठंडी हवाएं चलने से ठंड में बढ़ोतरी हुई।

नगर में दो-तीन दिनों से मौसम का मिजाज बदल रहा है। नैनीताल भ्रमण में आए पर्यटक पंत पार्क में गर्म कपड़ों की खरीदारी करते हुए नजर आए। सुबह शाम नगर में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पाला गिरने से ठंड में इजाफा होने लगा है। जिस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर में रोजाना मौसम मिजाज बदल रहा है।

मौसम का मिजाज बदलने से लोगों में स्वास्थ संबंधी परेशानियां भी हो रही है। मौसम केंद्र प्रभारी प्रताप सिंह ने बताया कि अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि नगर में शनिवार मौसम के मिजाज को देखते हुए बारिश की संभावना और ओलावृष्टि भी हो सकती है।

फरवरी की विदाई से पहले नगर और और क्षेत्र में मौसम के तेवर एक बार फिर बिगड़ गए हैं। बीती शुक्रवार की रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शनिवार को भी जारी है। आसमान में घनघोर घटाओं की मौजूदगी के बीच सुबह से बारिश हो रही है। इससे पहले गत गुरुवार की रात भी नगर में ओलावृष्टि हुई थी। मौसम की तल्खी के बीच लगातार बारिश से तापमान में एक बार फिर भारी गिरावट आने से ठंड लौट आई है। ठंड से बचने के लिए लोगों को गर्म कपड़े फिर से निकालने पड़े। ठंड से बचने के लिए लोग आग सेंकते भी नजर आए। ऊंचाई वाले इलाकों में पुनः बर्फबारी की संभावना व्यक्त की जा रही है।

बागेश्वर जिले में एक बार फिर मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। शनिवार की सुबह से आसमान में बादल छा गए। काले घने बादलों के बीच बारिश शुरू हो गई है। बारिश के चलते बाजारों में भी सन्नाटा पसरा है। स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि कपकोट तहसील के उच्च हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी का मौसम बना हुआ है। जिला मुख्यालय में हल्की बारिश हो रही है।

अल्मोड़ा में फरवरी माह के अंतिम दिनों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम के तल्ख तेवरों के चलते ठंड में एकाएक इजाफा हो गया है। शनिवार को भी सुबह से मौसम तेवर तल्ख है। घने बादलों के बीच रिमझिम बारिश के चलते ठंड में काफी इजाफा हो गया है। बारिश के चलते लोग घरों के अंदर ही दुबकने को मजबूर हो गए है। बारिश और ठंड के बीच सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को झेलनी पड़ रहीं है। जबकि बीते शुक्रवार को भी कई स्थानों में रिमझिम बारिश के चलते तापमान में भी भारी गिरावट देखने को मिल रहीं है।