सीएए के विरोध में पूर्व कैबिनेट मंत्री महबूब अली ने स्पष्ट किये अपने इरादे

सीएए के विरोध में शांति मार्च निकालने के लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री महबूब अली ने अपने इरादे स्पष्ट कर दिए हैं। प्रशासन से अनुमति न मिलने के बाद उन्होंने कहा है कि हर हालात में वह शनिवार को शांति मार्च निकालेंगे। इसके लिए सपा कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर एक दूसरे को मैसेज भेज कर अधिक से अधिक संख्या में पूर्व मंत्री के आवास पर पहुंचने की अपील की है।

बता दें कि सीएए को लेकर 20 दिसंबर मो शहर में बवाल हो चुका है। उपद्रवियों ने पथराव व फायरिंग के बाद वाहनों में आग लगा दी थी। जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। वहीं सीएए के विरोध में पूर्व कैबिनेट मंत्री व सदर विधायक महबूब अली ने शनिवार 18 जनवरी को नगर में शांति मार्च निकालने के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी थी। इसके लिए उन्होंने सपा जिलाध्यक्ष सुखवीर सिंह के माध्यम से आवेदन भी किया था। परंतु पुलिस ने शुक्रवार शाम तक उन्हें मार्च निकालने की अनुमति नहीं दी थी।

उधर अनुमति न मिलने के बाद पूर्व मंत्री ने भी अपने इरादे जता दिए हैं। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि वह शनिवार को सीएए के विरोध में हर हालात में शांति मार्च निकालेंगे। शांति मार्च को सफल बनाने के लिए पूर्व मंत्री के निर्देश पर सपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर एक दूसरे को मैसेज भेज कर अधिक से अधिक संख्या में उनके आवास पर पहुंचने की अपील की है।