
सर्दियों के मौसम में ठंडी हवाओं से बचने के लिए लोग ऊनी कपड़े और रजाई व कंबल निकाल लेते हैं। सर्दियां शुरू हो गई हैं तो लोगों ने रजाई व कंबल निकालना शुरू कर दिया है। महीनों बाद बक्से या दीवान में बंद ऊनी कपड़ों के साथ ही रजाई व कंबल से अजीब बदबू आने लगती है। ऊनी कपड़ों को तो आप धुल लेते हैं लेकिन भारी कंबल या रजाई को घर पर धुलना आसान काम नहीं होता है। ऐसे में बदबूदार रजाई- कंबल ओढ़ने का मन नहीं करता है। लेकिन ठंड से बचने के लिए ओढ़ना भी जरूरी है। बदबू दूर करने के लिए रजाई या कंबल में तेज धूप लगानी चाहिए लेकिन सर्दियों में कड़क धूप निकलना जरूरी नहीं, साथ ही धूप के इंतजार में रहने का वक्त भी नहीं होता है।
बाहर से ड्राई क्लीनिंग करना महंगा पड़ सकता है। लेकिन चिंता करने की जरूरत नहीं, कुछ ट्रिक को अपनाकर बिना पैसा खर्च किए कंबल और रजाई की बदबू को दूर किया जा सकता है
बेकिंग सोडा
रजाई व कंबल को ओढ़ने के लिए सबसे पहले उसकी धूल हटाएं। मोटे डंडे से रजाई या कंबल को पीटकर धूल बाहर निकालें। फिर वैक्यूम क्लीनर का उपयोग करें। अब कंबल या रजाई की बदबू को दूर करने के लिए बेकिंग सोडा का छिड़काव करें। कुछ घंटे बाद वैक्यूम क्लीनर से साफ कर लें। बदबू दूर हो जाएगी।
कपूर से दूर होगी बदबू
रजाई या कंबल की बदबू को दूर करने के लिए कपूर की मदद लें। सबसे पहले रजाई या कंबल पर एक कवर चढ़ाएं। कवर के अंदर थोड़ा सा कपूर पीसकर डालें। कुछ देर बाद रजाई व कम्बल से बदबू की जगह कपूर की खुशबू आने लगेगी।
सफेद सिरका
व्हाइट विनेगर रजाई व कंबल से आने वाली दुर्गंध दूर कर सकता है। किसी स्प्रे बोतल में सिरका भर लें। रजाई या कंबल को फैलाकर विनेगर का छिड़काव करें। धूप में कुछ देर कंबल सूखने के लिए छोड़ दें। कुछ समय में दुर्गंध एकदम गायब हो जाएगी।
गुलाब जल
त्वचा के लिए गुलाब जल फायदेमंद होता ही है लेकिन कंबल या रजाई की बदबू से भी छुटकारा दिला सकता है। कंबल या रजाई को फैलाकर चारों तरफ रोज वाटर का छिड़काव करें। कुछ देर पंखा खोलकर सूखने दें। दुर्गंध गायब हो जाएगी और गुलाब सी खुशबू आने लगेगी।