दून में पहली बार रसोई गैस सिलेंडर के दाम एक हजार के पार, लोग हुए परेशान

दून में पहली बार रसोई गैस सिलेंडर (14.2 किलो) के दाम एक हजार के पार हो गए। 50 रुपये की बढ़ोतरी के बाद इसके दाम 1,019 रुपये हो गए। इससे पहले मार्च में 50 रुपये बढ़े थे। 11 महीनों में 190 रुपये बढ़ाए गए हैं। डेढ़ महीने में गैस के दाम में सौ रुपये की बढ़ोतरी हुई है।

दून में रसोई गैस सिलेंडर 969 रुपये की बजाय अब 1,019 रुपये में मिलेगा। इस बढ़ोतरी से उपभोक्ताओं में नाराजगी है। महिलाओं का कहना है कि पिछले साल भी रसोई गैस के दाम बढ़ाए गए। इससे पहले, विधानसभा चुनाव के बाद 22 मार्च को 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।

बीते साल अक्तूबर में 15 रुपये, सिंतबर में 25, अगस्त में 25 और जुलाई में 25 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। जुलाई में गैस सिलेंडर के दाम 829 रुपये थे। एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के अध्यक्ष चमन लाल ने रसोई गैस के दाम में 50 रुपये की बढ़ोतरी की पुष्टि की। जिलेभर की 34 एजेंसियों में करीब तीन लाख से अधिक उपभोक्ता हैं।

प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव महेश जोशी ने कहा है कि खाद्य पदार्थों के दामों में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी से जीना दूभर हो रहा है। गैस सिलेंडर की महंगाई आम आदमी की रसोई पर सीधा हमला है।

हम महंगाई के खिलाफ आंदोलनरत हैं। कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर सड़कों पर उतरेगी। कांग्रेस महानगर व्यापार प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुनील कुमार बांगा ने रोजमर्रा की चीजों के दाम कम करने की मांग उठाई।