National

एनसीपी के कोर ग्रुप के सदस्य बने धनंजय मुंडे, बीड सरपंच हत्या मामले में कर रहे आरोपों का सामना

मुंबई: बीड सरपंच हत्या मामले में आरोपों का सामना कर रहे महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री धनंजय मुंडे को एनसीपी (अजित) में नई जिम्मेदारी मिली है। उनको पार्टी के कोर ग्रुप का सदस्य बनाया गया है। डिप्टी सीएम अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने कोर ग्रुप बनाया है। इसमें स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने, योजना बनाने के लिए निर्णय लेने और कल्याणकारी योजनाएं लागू करने के लिए वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है।

कोर ग्रुप में डिप्टी सीएम अजित पवार के साथ ही पार्टी के कार्यवाहक अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, वरिष्ठ नेता सुनील तटकरे, छगन भुजबल, दिलीप वाल्से पाटिल, हसन मुशरिफ और मुंडे को बतौर सदस्य शामिल किया गया है। महाराष्ट्र एनसीपी के अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा कि कोर ग्रुप का उद्देश्य पार्टी के पुनर्गठन और आगामी स्थानीय निकाय चुनावों की योजना बनाना होगा।

मुंडे और मुशरिफ भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति सरकार में मंत्री हैं। जबकि भुजबल और वाल्से पाटिल पिछली एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली कैबिनेट में शामिल थे। मुंडे के सदस्य के तौर पर कोर ग्रुप में शामिल होने से साफ है कि एनसीपी अध्यक्ष अजित पवार को उन पर काफी भरोसा है। जबकि मुंडे के इस्तीफे की महाविकास अघाड़ी की ओर मांग की जा रही है।

गिरफ्तारी के बाद से आलोचनाओं के घेरे में हैं मुंडे
खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री मुंडे बीड जिले से राकांपा विधायक हैं। वह सरपंच की हत्या से जुड़े जबरन वसूली के मामले में आरोपी वाल्मिक कराड की गिरफ्तारी के बाद से आलोचनाओं के घेरे में है। विपक्ष सरपंच की हत्या की निष्पक्ष जांच के लिए मंत्री मुंडे को हटाने की मांग कर रहा है। वाल्मिक कराड महाराष्ट्र के मंत्री धनंजय मुंडे के करीबी सहयोगी हैं।

9 दिसंबर को हुई थी सरपंच की हत्या
सरपंच संतोष देशमुख की 9 दिसंबर, 2024 को कथित तौर पर अगवा कर प्रताड़ित करने के बाद हत्या कर दी गई थी। वह बीड जिले में एक ऊर्जा फर्म द्वारा की जा रही जबरन वसूली की कोशिश को रोकने का प्रयास कर रहे थे।

Related Articles

Back to top button