राहुल गांधी के घर पहुंची दिल्ली पुलिस , जानिए क्या है मामला

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास पर दिल्ली पुलिस अधिकारी अभी भी मौजूद हैं। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान श्रीनगर में एक सभा को संबोधित करते हुए उनके दिए बयान को लेकर पुलिस उनके घर पहुंची है।

राहुल गांधी के घर के बाहर पुलिस ने सख्त पहरा भी दिया है। गेट पर बैरिकेडिंग लगा दी गई है। कांग्रेस दिग्गज अशोक गहलोत, पवन खेड़ा और शक्ति सिंह गोहिल भी राहुल से मिलने आवास पहुंच गए हैं। कांग्रेस ने इस पूरे मामले में केंद्र की बीजेपी सरकार पर हमला बोला है।

महिलाओं के यौन उत्पीड़न के मामले में राहुल गांधी के दिए बयान को लेकर दिल्ली पुलिस के अधिकारी राहुल गांधी के घर पहुंच चुके हैं। स्पेशल सीपी सागरप्रीत हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी को इस संबंध में 16 मार्च को नोटिस जारी किया गया था लेकिन, कोई जवाब नहीं मिलने पर हम उनसे बातचीत करने के लिए आए हैं।

राहुल गांधी के घर के बाहर दिल्ली पुलिस की किलेबंदी को लेकर कांग्रेस हमलावर हो गई है। मामले में जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस नेता को भारत जोड़ो यात्रा समाप्त किए 45 दिन हो चुके हैं। वे (दिल्ली पुलिस) 45 दिनों के बाद पूछताछ के लिए जा रहे हैं। अगर उन्हें इतनी ही चिंता है तो फरवरी में उनके पास क्यों नहीं गए? राहुल गांधी की कानूनी टीम कानून के अनुसार इसका जवाब देगी।

उधर, मामले में कांग्रेस नेता और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बीजेपी पर निशाना साधा है। गहलोत ने कहा कि बिना अमित शाह के आदेश के पुलिस किसी राष्ट्रीय नेता के घर में बेवजह घुसने का ऐसा दुस्साहस नहीं कर सकती। राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें नोटिस मिला है और वह इसका जवाब देंगे लेकिन फिर भी पुलिस उनके घर गई।

वहीं, सूत्रों से जानकारी मिली है कि कांग्रेस दिग्गज नेता भी राहुल गांधी के आवास पहुंच गए हैं। पवन खेड़ा को पहले घर के बाहर गेट पर पुलिस ने रोका लेकिन, कुछ देर बाद उन्हें अंदर जाने दिया। वहीं, बताया जा रहा है कि अशोक गहलोत और शक्ति सिंह गोहिल भी राहुल से मिलने उनके आवास पहुंच गए हैं।

दरअसल, भारत जोड़ो यात्रा के दौरान श्रीनगर में एक सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि कुछ महिलाओं ने उनसे मुलाकात की और कहा था कि उनके साथ यौन उत्पीड़न हुआ है। जब उन्होंने महिलाओं को पुलिस के पास जाने को कहा तो महिलाओं ने जवाब दिया कि पुलिस में जाने से उनकी मुश्किल खड़ी हो सकती है।

राहुल गांधी के आवास पर दिल्ली पुलिस के उच्चाधिकारी मौजूद हैं। घर के बाहर पुलिस ने घेराबंदी कर दी है। गेट के बाहर बेरिकेडिंग लगा दी गई है। साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस टीम मौजूद है।