चंपावत उपचुनाव: कांग्रेस की ये नेता CM पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ लड़ रही चुनाव , जाने पूरी खबर

चम्पावत विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कांग्रेस नेता पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल की ओर से टिकट की दावेदारी न करने से निर्मला गहतोड़ी के टिकट की राह आसान हो गई। उपचुनाव लड़ने को लेकर अनिच्छा और इस ओर सक्रियता कम रहने के कारण खर्कवाल के चुनाव नहीं लड़ने पर पहले ही अटकलें लगाई जा रही थीं।

कांग्रेस का टिकट घोषित होने के साथ शुक्रवार को इन अटकलों पर विराम लग गया। उपचुनाव में कांग्रेस का टिकट निर्मला गहतोड़ी को मिलने के बाद पूर्व विधायक खर्कवाल के भावी राजनीतिक कॅरिअर को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म है। हेमेश को राजनीति में करीब 28 वर्षों का लंबा अनुभव है। वर्ष 2002 से लेकर 2022 तक लगातार पांच बार वह विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का टिकट लेने में कामयाब रहे।

राज्य बनने के बाद पहली बार 2002 में हुए चुनाव में वह जीतकर विधानसभा पहुंचे। इसके बाद 2007 में भाजपा की बीना महराना ने उन्हें शिकस्त दी। साल 2012 में वह एक बार फिर विधानसभा चुनाव जीते। 2017 में भाजपा के कैलाश गहतोड़ी ने उन्हें 17 हजार से अधिक वोटों से हराया था।