हत्या के आरोपी को पकड़ने आई हरियाणा पुलिस पर हमला, झगड़ते हुए फाड़ दी पुलिसकर्मियों की वर्दी

हरियाणा प्रांत में करनाल के गांव गोंदर में पुलिसकर्मियों की जान पर बन आई। पुलिसकर्मियों की एक टीम गोंदर में हत्या के आरोपी को पकड़ने आई थी। उस आरोपी के परिजन हथियार लेकर पुलिस पार्टी पर टूट पड़े। झगड़ते हुए पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी। एक महिला ने एक महिला कॉन्सटेबल की बाजू पर दांत से काट लिया। उस कॉन्सटेबल की बाजू जख्मी हो गई। इतना ही नहीं थाना प्रभारी को भी चोटें आईं।

संवाददाता के अनुसार, कुछ दिन पहले गोंदर में दो पक्षों में जानलेवा भिड़ंत हुई थी। जिसमें एक युवक कपिल बुरी तरह घायल हो गया था। पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जिसके बाद मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस गांव में उसके हत्यारोपी को पकड़ने पहुंची। यह घटना शुक्रवार शाम को करीब 5 बजे की है। पुलिस को घर देख आरोपी के परिजन आग-बबूला हो गए। उन लोगों ने पड़ोसियों के साथ मिलकर पुलिस पर हमला कर दिया। इस दौरान एसएचओ के साथ भी हाथापाई हुई। सिपाही की वर्दी फाड़ दी गई।

आरोपी के परिजनों ने पुलिस की वैन घेर ली और ईंट-पत्थर मारने लगे। पुलिस वैन में तेल छिड़कर आग लगाने का प्रयास भी किया। हालांकि, पुलिस वहां से वैन भगा ले गई। बाद में काफी संख्या में एकत्रित होकर पुलिस​कर्मियों ने आरोपियों के घर दबिश दी।