Entertainment

इस वजह से हुआ जैकलीन की मां का निधन, लाइमलाइट से दूर रहती थीं किम फर्नांडीज

बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज की मां किम फर्नांडीज का आज 6 अप्रैल को निधन हो गया। वो पिछले कुछ वक्त से बीमार थीं और मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती थीं। आज यहीं उन्होंने अंतिम सांस ली। कैंसर से लंबी जंग लड़ने के बाद उनकी मौत अचानक हार्ट अटैक आने से हो गई। जैकलीन की मां के निधन के बाद पूरे बॉलीवुड में शोक की लहर है। जानते हैं जैकलीन की मां किम के बारे में।

\मूल रूप से मलेशिया की निवासी थीं किम फर्नांडीज
जैकलीन की मां किम फर्नांडीज मूल रूप से मलेशिया की निवासी थीं और कनाडाई मूल की थीं। उन्होंने अपना अधिकांश जीवन अपने पति एलरॉय फर्नांडीज के साथ बहरीन में ही बिताया। एलरॉय फर्नांडीज श्रीलंका के पूर्व संगीतकार थे। दोनों के चार बच्चे हैं। जैकलीन सबसे छोटी और सबसे मशहूर हैं। जैकलीन की मां कुछ एक अन्य बॉलीवुड सेलेब्रिटीज की माताओं की तरह ज्यादा लाइमलाइट में नहीं रहती थीं और न ही वो ज्यादा मीडिया के सामने आती थीं। हालांकि, उनको करीब से जानने वालों का ऐसा कहना है कि वो काफी अच्छे स्वभाव की थीं और अपने सभी बच्चों के काफी करीब थीं।

2022 में हुआ स्ट्रोक, कैंसर से भी लड़ रही थीं जंग
जैकलीन की मां किम फर्नांडीज को साल 2022 में बहरीन में स्ट्रोक हुआ था। इसके चलते उन्हें कई स्वास्थ्य समस्याएं हो गई थीं। हालांकि, परिवार ने यह बात सार्वजनिक नहीं की कि वो कैंसर से भी जंग लड़ रही हैं। पिछले कुछ महीनों में उनकी तबीयत में लगातार गिरावट आ रही थी। मौत से कुछ दिन पहले ही उन्हें एक और हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उन्हें मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर्स ने काफी प्रयास किए, लेकिन वो किम फर्नांडीज को नहीं बचा पाए।

जब मां को आया हार्ट अटैक, तो बाहर थीं जैकलीन
जिस समय किम फर्नांडीज को हार्ट अटैक आया और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, उस समय जैकलीन भारत में नहीं थीं। मां की बीमारी का पता चलने के बाद जैकलीन तुरंत ही अपनी मां के पास वापस आ गई थीं। जैकलीन के करीबियों का कहना है कि जैकलीन अपनी मां से काफी क्लोज थीं और उनकी बीमारी और अब उनके जाने से वो काफी टूट गई हैं। जैकलीन अक्सर अपनी मां के बारे में बात करती रहती थीं।

Related Articles

Back to top button