National

कर्नाटक सरकार के रुख स्पष्ट करने तक बहाल नहीं होंगी MSRTC सेवाएं, मंत्री सरनाईक का फैसला

मुंबई:  कर्नाटक में महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की बस और उसके ड्राइवर पर हमले के बाद वहां जाने वाली बसों को निलंबित कर दिया गया है। महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने एसआरटीसी की कर्नाटक जाने वाली बसों के निलंबन का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि जब तक कर्नाटक सरकार इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट नहीं करती, तब तक कर्नाटक के लिए बस सेवाएं बहाल नहीं की जाएंगी।

शुक्रवार रात चित्रदुर्ग में हुआ बस पर हमला
मंत्री सरनाईक ने शनिवार को बताया कि बंगलूरू से एमएसआरटीसी की बस संख्या एमएच-14 केक्यू 7714 मुंबई आ रही थी। शुक्रवार रात करीब 9:10 बजे चित्रदुर्ग में कन्नड़ समर्थक कार्यकर्ताओं ने बस और ड्राइवर पर हमला कर दिया। कन्नड़ समर्थक कार्यकर्ताओं ने बस ड्राइवर भास्कर जाधव के चेहरे पर कालिख पोत दी और उसके साथ मारपीट की। कथित हमले के सिलसिले में कर्नाटक पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

उसी दिन बेलगावी में कर्नाटक की बस के कंडक्टर पर हुआ हमला
दूसरी तरफ, उसी दिन कर्नाटक राज्य परिवहन निगम की बस के कंडक्टर पर महाराष्ट्र की सीमा से लगे बेलगावी जिले के मुख्यालय के बाहरी इलाके में कथित तौर पर हमला किया गया, क्योंकि उसने एक लड़की को मराठी में जवाब नहीं दिया था। यह स्पष्ट नहीं है कि चित्रदुर्ग में एमएसआरटीसी बस पर हमला कंडक्टर पर कथित हमले के प्रतिशोध में किया गया था या नहीं।

कंडक्टर पर हमले के आरोप में चार लोग गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, बेलगावी में कंडक्टर पर कथित हमले के एक अन्य मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि कंडक्टर पर यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

Related Articles

Back to top button