हल्द्वानी में विवाहिता ने शादी के दो साल बाद लगाई फांसी, परिजनों ने लगाया ऐसे उत्पीडऩ का आरोप

हल्द्वानी के काठगोदाम थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने शादी के दो साल बाद ही फांसी के फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। मृतका के परिजनों ने ससुरालियों पर दहेज उत्पीडऩ का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा, जिसके बाद पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

काठगोदाम पुलिस के मुताबिक इंदिरा कॉलोनी निवासी रवि वाल्मीकि उर्फ रिशु रेलवे में स्वच्छक की नौकरी करने के साथ खाली समय पर ढोल बजाने का काम करता है। दो साल पहले रुद्रपुर की गांधी कॉलोनी निवासी मनीषा (22) संग उसने प्रेम विवाह किया था। थानाध्यक्ष कमाल हसन ने बताया कि बीते शनिवार को रवि कहीं ढोल बजाने के लिए गया था। रात आठ बजे पत्नी ने उसे फोन कर जल्द घर आने को कहा, लेकिन वह देर से पहुंचा।

दोनों के बीच बहस होने की वजह से मनीषा ने पति की लाई आइसक्रीम तक नहीं खाई। उसके बाद दोनों कमरे में सो गए। रात एक बजे नींद खुलने पर रवि ने देखा कि मनीषा पंखे से लटकी हुई है। आनन-फानन उसे नीचे उतारा गया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।वहीं, बेटी की मौत की खबर मिलने पर काठगोदाम पहुंचे मायके वालों ने हंगामा काटना शुरू कर दिया। मृतका के बड़े भाई सौरभ ने बताया कि शादी के बाद से दहेज की डिमांड को लेकर बहन को प्रताडि़त किया जा रहा था। बहन अक्सर कहती थी कि ससुराली उसे मार देंगे। वहीं, घटना की जानकारी भी उन्हें किसी बाहरी से मिली।जब रविवार सुबह साढ़े छह बजे ससुरालियों को फोन लगाया तो उन्होंने बताया कि उसकी बहन की तबीयत बिगडऩे पर अस्पताल में उपचार चल रहा है।

काठगोदाम में बहन की लाश देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। सौरभ के मुताबिक साजिशन उसकी बहन को मारा गया है। वहीं भाई की तहरीर पर काठगोदाम थाने में पति समेत छह लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।रविवार सुबह सूचना मिलने पर काठगोदाम पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। वहीं, पुलिस के जाने के बाद आक्रोशित मायके पक्ष के लोगों ने बहन के ससुरालियों को घर से बाहर कर ताले भी जड़ दिए। पोस्टमार्टम के बाद मनीषा के शव को परिजन अंत्येष्टि के लिए रुद्रपुर ले गए।