भाकियू नेता की बेटी का कार में मिला था सुसाइड नोट हिरासत में था पति और बेंगलुरु में मिली जिन्दा…

कार में सुसाइड नोट छोड़कर दिल्ली से लापता हुई इंश्योरेंस कंपनी की मैनेजर कोमल तालान (29) का पता चल गया है। वह बेंगलुरु में मिली है। पुलिस की एक टीम कोमल को वापस लाने के लिए परिजनों के साथ बेंगलुरु गई है। बताया जा रहा है

कि कोमल ससुरालवालों से नाराज थी। पति को फंसाने के लिए उसने फर्जी सुसाइड नोट तैयार कर गाड़ी में छोड़ा था। कोमल के पिता अनिल तालान भाकियू में राष्ट्रीय सचिव है, वहीं चाचा विजय तालान भी भाकियू से जुड़े हुए हैं। उनका परिवार ग्रेटर नोएडा का रहने वाला है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली से लापता इंश्योरेंस कंपनी मैनेजर की एसयूवी कार बीते शनिवार सुबह 11 बजे हिंडन नहर रोड पर मिलने से सनसनी फैल गई थी। लावारिस कार में एक सुसाइड नोट भी मिला था। परिजन और पुलिस महिला के हिंडन नहर में कूदने की आशंका जता रहे थे। गोताखोरों द्वारा घंटों तक महिला कोमल तालान की तलाश की गई लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। इससे नाराज परिजनों ने महिला के ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने महिला के पति को हिरासत में ले लिया था।

दिल्ली के पांडव नगर में रहने वाले अभिषेक सिंह की पत्नी कोमल तालान (29) बाराखंभा रोड स्थित एक निजी इंश्योरेंस कंपनी में ट्रेनिंग मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। कोमल शुक्रवार को अपने कार्यालय नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने बाराखंभा रोड थाने गुमशुदगी दर्ज करा दी। शनिवार सुबह 11 बजे कोमल की कार लावारिस हालत में हिंडन बैराज के पास खड़ी मिली। कार में महिला का बैग और सुसाइड नोट मिला, जिसमें महिला ने ससुराल में उसे परेशान करने का जिक्र किया था। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय भाकियू कार्यकर्ताओं ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए बैराज रोड, रेलवे अंडरपास और हिंडन ब्रिज के नीचे जाम लगा दिया था। एडीएम सिटी और एसडीएम ने परिजनों को समझाकर शांत कराया था।