फ्लाईओवर का एक बड़ा हिस्सा ढहने के कारण, मचा हड़कंप

दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामपुरा फ्लाईओवर का एक बड़ा हिस्सा ढहने के कारण सोमवार को मानेसर-गुरुग्राम के बीच यातायात बाधित हो गया। सोमवार को गुरुग्राम में राष्ट्रीय राजमार्ग 8 पर रामपुरा फ्लाईओवर के बीच चार फीट चौड़ा गड्ढा दिखाई दिया। मानेसर की तरफ जाने वाले रास्ते पर ये फ्लाईओवर पिछले साल ही शुरू किया गया था ताकि भारी ट्रैफिक की समस्या से निजात मिल सके।

NHAI की तरफ से अनिल कुमार ने बताया, ‘रामपुरा फ्लाईओवर में चार फीट चौड़े गड्ढे के बारे में सुबह जानकारी मिली। जिसके बाद इस रास्ते को बंद कर दिया गया है और यातायात पुलिस को वहां पर तैनात कर दिया गया है। वाहनों को सर्विस लेन से गुजारा जा रहा है। वहीं, इसके कारण दिल्ली-जयपुर के बीच यातायात भी प्रभावित हुआ।

चार-लेन के फ्लाईओवर के बीच का कंक्रीट का हिस्सा ढह जाने से अचानक अफरातफरी मच गई। ये फ्लाईओवर दिल्ली से 46 किलोमीटर दूर है। यहां भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के निर्देश के बाद ये यातायात बंद कर दिया गया है। साल 2018 की शुरुआत में मानेसर और हीरो होंडा चौक के पास एक और फ्लाईओवर का हिस्सा गिर गया था।