दलेर मेहंदी और मीका सिंह के बड़े भाई का हुआ निधन

पंजाबी गायक मीका सिंह और दलेर मेहंदी के बड़े भाई अमरजीत सिंह का सोमवार को निधन हो गया है। उनके निधन की खबर मीका सिंह और दलेर मेहंदी ने सोशल मीडिया के जरिए दी है। खबरों की मानें तो अमरजीत सिंह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। उन्होंने दिल्ली के एक निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली।

Image result for दलेर मेहंदी और मीका सिंह के बड़े भाई का हुआ निधन
मीका सिंह ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर अमरजीत सिंह के निधन पर दुख प्रकट कर जानकारी देते हुए लिखा- ‘वाहेगुरु जी का खालसा वाहेगुरु जी की फतेह,हमें यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि हमारे बड़े भाई अमरजीत सिंह का निधन हो गया है, वह पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। अमरजीत पाजी आज सुबह अपने स्वर्गीय निवास के लिए चले गए- दुख में दलेर मेहंदी, हरजीत मेहंदी, जोगिंदर सिंह और मीका सिंह।’ अमरजीत सिंह का अंतिम संस्कार सोमवार को 5 बजे तिलक विहार श्मशान मैदान में किया गया।

बताया जाता है कि मीका सिंह और दलेर मेहंदी के संगीत करियर को बनाने में अमरजीत सिंह का विशेष योगदान रहा है। आपको बता दें कि साल 1995 में दलेर मेहंदी सुपरहिट गाने ‘बोलो ता रा रा’, ‘तुनक तुनक तुन’ और ‘हो जाएगी बल्ले बल्ले’ गाने से काफी मशहूर हुए थे। इसके बाद उन्होंने कई बॉलीवुड फिल्मों में गाने गाए। वहीं उनके भाई मीका सिंह पहली बार ‘सावन में लग गई आग’ गाने से सुर्खियों में आए थे। मीका सिंह ने भी अपने संगीत करियर में कई बॉलीवुड फिल्मों में गाने गाए हैं और दर्शकों ने उन्हें हमेशा पसंद भी किया है।