शेयर बाजार के लिए बुधवार लकी रहा था। लेकिन गुरुवार को यह सारी तेजी एक ही झटके में गायब हो गई। गुरुवार को सेंसेक्स 696.84 अंक की भारी गिरावट के साथ 34,064.05 अंक पर खुला और देखते ही देखते यह 940.86 अंक या 2.71 फीसदी की भारी गिरावट में चला गया। गुरुवार को बाजार 2.71 फीसदी की गिरावट के साथ 33,820.03 अंक पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी भी 320.65 अंक या 3.07 फीसदी की गिरावट के साथ 10,139.45 अंक पर लाल निशान में चली गई है। निफ्टी की 47 कंपनियों के शेयर्स लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। निफ्टी मिडकैप 50 सूचकांक 3.33 फीसदी और मिडकैप 100 इंडेक्स 3.07 फीसदी की गिरावट में कारोबार कर रहा है तो निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में भी 3.14 फीसदी की भारी गिरावट दर्ज की गई है। .
सेंसेक्स 50 इंडेक्स भी 227.46 अंक (2.08 फीसदी) की गिरावट के साथ 10647 अंक के पास खुला। सबसे ज्यादा गिरावट सेंसेक्स नेक्स्ट 50 सूचकांक पर दर्ज की गई। इसमें 1006 अंकों की भारी गिरावट देखी गई और यह 29,853.72 अंक तक लुढ़क गया। बीएसई सेंसेक्स का मिडकैप इंडेक्स भी 377 अंक या 2.65 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 349 अंक या 2.50 की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। निफ्टी बैंक 2.83 फीसदी की गिरावट के साथ 24,606.05 अंक, निफ्टी ऑटो 2.96 फीसदी, निफ्टी फाइनेंस 3.04 फीसदी, निफ्टी सर्विस 3.04 फीसदी, निफ्टी एफएमसीजी 2.27 फीसदी, निफ्टी आईटी 2.98 फीसदी, निफ्टी मेटल 3.06 फीसदी, निफ्टी फॉर्मा 2.83 फीसदी, निफ्टी पीएसयू बैंक 3.94 फीसदी, निफ्टी पीएसयू प्राइवेट बैंक 2.91 फीसदी और निफ्टी रियल्टी 3.65 फीसदी की भारी गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं।
बता दें कि बुधवार को सेंसेक्स में 461.42 अंक या 1.35 प्रतिशत की बढ़त देखी गई थी, जबकि निफ्टी में भी 159.05 अंक या 1.54 फीसदी की बढ़त रही थी| वह 10,460.10 अंक पर क्लोज हुआ था। बुधवार को मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में जोरदार खरीदारी रही थी। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 4.2 फीसदी मजबूत होकर 14,280 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी का मिडकैप 100 इंडेक्स भी 4.2 फीसदी की उछाल के साथ 16,666.5 के स्तर पर बंद हुआ था। बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 3.4 फीसदी चढ़कर 13,962 के स्तर पर बंद हुआ था।