योगी ने पेश किया दो साल का रिपोर्ट कार्ड, बीजेपी सरकार में नहीं हुए थे एक भी दंगे

यूपी में योगी की अगुवाई वाली बीजेपी की सरकार के दो साल पूरा हो चले हैं। ऐसे में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश कर दिया है। रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद राज्य में एक भी दंगे नहीं हुए। इसके साथ-साथ राज्य सरकार ने अपराध और अपराधियों के प्रति भी शून्य सहिष्णुता दिखाई थी।

अपने दो साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने राज्य के बारे में धारणा बदली है। मुख्यमंत्री के अनुसार राज्य का सुरक्षित माहौल देश के बाकी हिस्सों के लिए एक उदाहरण बन गया। उन्होंने कहा कि 2018 में 68 साल बाद पहली बार यूपी स्थापना दिवस मनाया गया। सीएम ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश की छवि को बदल दिया है और राज्य की कानून व्यवस्था देश के लिए एक मॉडल बन गई है क्योंकि उनके अभी तक शासन काल में एक भी दंगे नहीं हुए।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब उन्होंने मार्च 2017 में पदभार संभाला था तब कर्ज में डूबे किसान आत्महत्या कर रहे थे और उत्तर प्रदेश हत्या, लूट और दंगों का पर्याय बन गया था। माफिया राजनीतिक संरक्षण के तहत राज्य के संसाधनों को लूट रहे थे। योगी ने कहा कि सपा-बसपा के शासन में बड़े पैमाने पर माफिया राज कर रहे थे। उन्होंने पुरानी सरकारों पर घोटालों का भी आरोप लगाते हुए कहा कि इसका भी एक लंबा दौर था।

यूपी के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने लोगों के भीतर राज्य के बारे में धारणा बदल दिया है और छवि में सुधार किया है। अब राज्य में बेहतर माहौल बन गया है। देश के लिए मॉडल बन गया है। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2012 में 227 बड़े सांप्रदायिक दंगे हुए थे, 2013 में 247 दंगे हुए थे, 2014 में 242 दंगे हुए और 2015 में 219 दंगे हुए थे और 2016 में 100 से अधिक दंगे हुए थे। इसमें करोड़ों रुपए की संपत्तियों को नुकसान पहुंचा। लेकिन भाजपा सरकार के दौरान एक भी दंगे नहीं हुए हैं।