मूर्ति विसर्जन के दौरान डीसीपी ईस्ट पर हमला

मयूर विहार इलाके में यमुना घाट पर मूर्ति विसर्जन के लिए आए युवकों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमले में पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त पंकज सिंह सहित 8 पुलिसकर्मी घायल हो गए।

उपद्रवी युवकों ने पुलिस जिप्सी को भी तोड़ दिया। घाट पर हुए बवाल के कारण लोगों में भगदड़ मच गई, जिससे लोग दहशत में आ गए। पुलिस ने एक दर्जन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि सभी युवक शराब के नशे में थे।

जानकारी के अनुसार दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार सिंह स्वयं यमुनाघाट की व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे थे। उनके साथ एसीपी और मयूर विहार एसएचओ मौजूद थे।

मूर्ति विसर्जन के दौरान पूर्व में लगने वाले जाम से बचने के लिए ईस्टर्न रेंज पुलिस उपायुक्त यातायात द्वारा पिछले अनुभव के आधार पर इस बार आने और जाने के दो अलग मार्ग बनाए गए थे। सब कुछ ठीक चल रहा था। इसी दौरान दक्षिण पूर्व जिले के श्रीनिवास पुरी इलाके के युवकों का एक समूह मूर्ति विसर्जन करने के बाद, प्रवेश द्वारा की ओर से बाहर निकलने की कोशिश करने लगा। जिसके कारण सभी व्यवस्थाएं बिगडने के साथ ही जाम लग गया।

मौके पर मौजूद यातायात पुलिस कर्मियों ने युवकों को बाहर जाने वाले रास्ते से जाने के लिए कहा लेकिन वह नहीं माने व वहीं से बाहर जाने की जिद्द करने लगे जिसके बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल को बुला लिया गया। पुलिस ने जब उन्हें समझाने व बाहर जाने वाले रास्ते से निकलने की बात कही तो युवकों का समूह अचानक हिंसक हो गया।

उन्होंने पुलिस कर्मियों पर अपने पास मौजूद लाठी-डंडों व हॉकी से हमला कर दिया। इस दौरान किसी ने वहां मौजूद पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार सिंह पर डंडे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। हमला करने वाले युवक ने पुलिस उपायुक्त के चेहरे पर पीछे से आकर डंडे से वार कर दिया। इस हमले में पुलिस उपायुक्त सहित आठ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। उपद्रवियों ने एक पुलिस जिप्सी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

डीसीपी सहित सभी घायल पुलिस कर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पुलिस टीम पर हमला करने वाले युवक शराब के नशे में थे। फिलहाल पुलिस ने 11 लोगों को हिरासत में लिया है, पुलिस उपद्रवियों का मेडिकल करवाने के बाद कार्रवाई करेगी।