पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर उत्तरांखड में आज राजकीय शोक

भाजपा के वरिष्ठ नेता और मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में वित्त मंत्री का कार्यभार संभालने वाले अरुण जेटली के निधन से पूरा उत्तरांखड में शोकाकुल हो गया। दिग्गज नेता के निधन पर मुख्यमंत्री, राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट सहित विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी शोक प्रकट किया है।

भाजपा के थिंक टैंक माने जाने वाले पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर रविवार को राजकीय शोक रहेगा। प्रदेश सरकार ने एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। भाजपा ने भी अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। रविवार को संगठन चुनाव की तैयारी को लेकर होने वाली कार्यशाला टाल दी गई है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समेत सरकार के कुछ मंत्री, विधायक और नेता दिवंगत नेता के अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार में भाग लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं।

शनिवार को प्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर राजकीय शोक घोषित किया है। रविवार को प्रदेश में राष्ट्रीय ध्वज झुका रहेगा। इस दिन सरकार की ओर से कोई मनोरंजन कार्यक्रम नहीं किए जाएंगे। उधर, भाजपा ने भी अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ. देवेंद्र भसीन ने कहा कि रविवार को प्रदेश कार्यालय में संगठन चुनाव को लेकर होने वाली कार्यशाला भी स्थगित कर दी गई है। अब ये कार्यशाला बाद में होगी। इस कार्यशाला में संगठन चुनाव अधिकारी राधा मोहन सिंह को भाग लेना था।